रणवीर सिंह और सारा अली खान की एक्शन एंटरटेनर ‘सिम्बा’ सिनेमाघरों में रिलीज़ हो गई है। रोहित शेट्टी की फिल्म ‘मसाला एंटरटेनर’ फिल्मों में अगली कड़ी है। एक्शन व कॉमेडी रोहित शेट्टी की फिल्मों की पहचान रही है, सिम्बा में भी वही बात है। अक्षय कुमार व सिंघम फेम अजय देवगन का कैमियो फिल्म का मज़ा बढ़ा देता है। सिम्बा और सिंघम की जोड़ी को देखकर दर्शकों का दिल खुश हो गया है। फिल्म को अच्छा रिस्पांस मिला है।
बाजीराव सिंघम के गांव शिवगढ़ का रहने वाला अनाथ लड़का संग्राम भालेराव उर्फ सिम्बा (रणवीर सिंह) बचपन से ही पुलिस में जाना चाहता है। पुलिस की वर्दी के ज़रिये पैसे कमाना चाहता है। यही ख्वाब उसे भ्रष्ट बना देता है। ड्यूटी निभाते हुए उसका एक ही एजेंडा होता है कि वह जायज़-नाजायज़ तरीके से रुपए हासिल कर सके। इसी बीच उसका तबादला गोवा में कर दिया जाता है।
सिम्बा की पोस्टिंग गोवा के मिरामार इलाके में है। रोहित शेट्टी और गोवा पर एक पूरा आर्टिकल लिखा जा सकता है। मीरामार में खतरनाक दुर्वा रानाडे (सोनू सूद) का राज चलता है। रुपए का लालच या यूं कहें जल्द अमीर बनने की चाह में सिंबा, दुर्वा रानाडे से हाथ मिला लेता है। वो राज करने के सपने देखने लगता है। इसी बीच उसकी मुलाकात शगुन (सारा अली खान) से होती। धीरे-धीरे यह रिश्ता प्यार में तब्दील हो जाता है। एक घटना की वजह से लालची सिम्बा का हृदय परिवर्तन होता है। बेईमानी ईमानदारी में बदल जाती है।
कहानी पूरी तरह से फॉर्मूला स्टीरियोटाइप है। सिम्बा के किस्म की अनेक कहानियां बॉलीवुड में गढ़ी जा चुकी हैं। भ्रष्ट अफसर का बाद में सच्चा सेवक बन जाना लेकिन फिर भी आंखों को भाता है। लार्जर देन लाइफ कथाएं हमें पसंद आती हैं। कमियों के बावजूद ऐसी फिल्में देखी जाती हैं।
सिम्बा के दोनों हाफ ठीक हैं। मनोरंजन के लिहाज़ से फिल्म निराश नहीं करती। सेकंड हाफ में कहानी थोड़ी फिसलती नज़र आई है लेकिन अजय देवगन उसे बचा ले जाते हैं। सिंघम व सिम्बा का कनेक्शन फिल्म का रोचक पहलू है।
रोहित शेट्टी टिपिकल फिल्म मनोरंजन में बेहतर करती रही है। फिल्म से होकर एक अच्छा संदेश भी मिलता है। रणवीर सिंह फिल्म की जान हैं। लार्जर देन लाइफ छवियां ऐसे किरदारों को लोकप्रिय बना देती हैं।
फिल्म संवेदनशील मुद्दे को उठाती है लेकिन मनोरंजन से अधिक उसकी परिधि नहीं है। फिल्म को चलाने के लिए ऐसे तत्वों का प्रयोग किया जाता रहा है। रोहित शेट्टी भी वही कर रहे हैं, हीरो को लार्जर बनाने के लिए।
सोनू सूद, सिद्धार्थ जाधव, आशुतोष राणा एवं सारा अली खान ने रणवीर का अच्छा साथ दिया है। आशुतोष राणा, रणवीर सिंह को एक डिपार्टमेंट में देखकर अच्छा लगता है। सिद्धार्थ जाधव प्रभावित करते हैं। रणवीर के सिम्बा शो में सारा अली खान को बहुत अधिक स्पेस नहीं मिला है। सारा बेहतर संभावना की नायिका हैं। आज नहीं तो कल उनके मद्देनजर भी कहानियां लिखी जाएंगी।
एक टिपिकल रोहित शेट्टी फिल्म को जिन चीज़ों की दरकार होती है। फिल्म में सारे तत्व मौजूद हैं, लोकेशन, एक्टिंग, एक्शन, डायलॉग्स, कॉमेडी, रोमांस तथा एक लार्जर देन लाइफ हीरो सभी हैं। मनोरंजन का मसाला है। सार में कहूं तो ‘सिम्बा’ विशुद्ध रोहित शेट्टी स्टाइल की फिल्म है। रणवीर-रोहित के दीवाने इसे मिस नहीं करना चाहेंगे।
The post रोहित शेट्टी की टिपिकल मसाला मूवी है ‘सिम्बा’ appeared first and originally on Youth Ki Awaaz and is a copyright of the same. Please do not republish.